फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बाबा नीम करोली धाम की जन्मस्थली ग्राम अकबरपुर/नागऊ का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 के अंतर्गत स्वीकृत नीम करोली बाबा सर्किट तथा जन्मस्थली के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन नीति-2022 में संशोधन के बाद नीम करोली बाबा सर्किट को इसमें शामिल किया गया है। इस सर्किट में लखनऊ, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद स्थित बाबा नीम करोली की जन्मस्थली अकबरपुर/नागऊ तथा मथुरा-वृंदावन को जोड़ा गया है। प्रशासन का मानना है कि इससे क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।
तीन चरणों में चल रहे विकास कार्य
जन्मस्थली पर विकास कार्यों को अलग-अलग चरणों में कराया जा रहा है। फेज-1 के तहत ₹865.98 लाख की लागत से डॉरमेट्री, रेस्तरां, सभा स्थल, डिजिटल लाइब्रेरी, सीसी रोड, सेप्टिक टैंक, समरसेबल पंप और साइट डेवलपमेंट सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। यह कार्य वर्ष 2023-24 के अंतर्गत स्वीकृत हैं।
वहीं फेज-2 में ₹222.47 लाख की लागत से टॉयलेट ब्लॉक, गार्ड रूम, सीसी रोड, नाली, पेवर, ट्यूबवेल, बाह्य विद्युत कार्य और म्यूरल वर्क प्रस्तावित हैं। इसके अलावा ग्रामीण पर्यटन विकास योजना के तहत ₹55.44 लाख की लागत से प्रवेश द्वार, साइनेज, बेंच, डस्टबिन सहित अन्य अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
जन्मस्थली के पास बनेगा भव्य कॉरिडोर
बाबा नीम करोली की जन्मस्थली को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा एक भव्य कॉरिडोर विकसित करने की योजना प्रस्तावित है। इसके लिए जन्मस्थली के समीप 5 हेक्टेयर से अधिक भूमि के क्रय की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
भूमि क्रय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्तावित परिसर में भव्य प्रवेश द्वार, पर्यटन सुविधा केंद्र एवं आश्रम, ध्यान एवं वेलनेस सेंटर, बहुउद्देशीय सभा स्थल, पार्किंग, फूड कोर्ट, म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर, ओपन एयर थिएटर तथा प्रसाद मंडप/डाइनिंग हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी टूंडला सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!