20 कैमरों की फुटेज के विश्लेषण से मिला सुराग, सामान सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का जताया आभार

 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब दो लाख रुपये कीमत का सर्जिकल कैमरा, बैग और उसमें रखे उपकरण सकुशल बरामद कर आवेदक को सुपुर्द कर दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार को बड़ी राहत मिली।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशन में जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और आमजन की सहायता के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इसमें पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में सारनाथ पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

कार से सामान निकालते समय गिर गया था कैमरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे आशापुर चौराहे पर कार से सामान निकालते समय डॉ. विनय कुमार का सर्जिकल कैमरा बैग सहित कहीं गिर गया था। काफी तलाश के बावजूद सामान नहीं मिलने पर उनके पिता रामसहाय सिंह यादव ने थाना सारनाथ में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से कैमरा खोजने की गुहार लगाई।

20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग

शिकायत मिलने के बाद सारनाथ पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज का क्रमवार विश्लेषण करने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गई। जांच के दौरान बैग उठाने वाले व्यक्ति की पहचान हुई।

पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि सर्जिकल कैमरा, बैग और उसमें रखे उपकरण मवइया निवासी पंकज पाण्डेय के पास सुरक्षित हैं। उन्होंने सामान पुलिस चौकी पर उपलब्ध करा दिया।

इसके बाद 19 नवंबर 2026 को सारनाथ पुलिस ने बरामद सर्जिकल कैमरा, बैग और उसमें रखे सभी उपकरण रामसहाय सिंह यादव को सुपुर्द कर दिए।

कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने सारनाथ पुलिस टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज के प्रभावी इस्तेमाल और पुलिस की त्वरित जांच से न केवल करीब दो लाख रुपये के सामान की बरामदगी संभव हुई, बल्कि आमजन की शिकायतों के समाधान में तकनीक की उपयोगिता भी सामने आई।