अपर जिलाधिकारी ने नलों को अनावश्यक रूप से खुला नहीं छोड़ने और पेयजल की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए।
हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।
ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए संचालित जल जीवन मिशन के तहत उपलब्ध कराए जा रहे पानी की बर्बादी का मामला सामने आया है। हमीरपुर के गोहांड विकासखंड स्थित ग्राम औंटा में स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह ने कई घरों के बाहर नलों से पानी बहता पाया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों को पेयजल का जिम्मेदारी से उपयोग करने की हिदायत दी।
जिला सूचना कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मलखान, अशोक, राघवेंद्र, जय हिंद, वीरपाल, राम सहाय, रामस्वरूप, राजू, कपिल राजपूत और देवेंद्र के घरों के बाहर नलों से पानी बहता मिला। वहीं एक ग्रामीण अपने घर के बाहर भैंस को नहला रहा था।
इस स्थिति पर अपर जिलाधिकारी ने नलों को अनावश्यक रूप से खुला नहीं छोड़ने और पेयजल की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों को ट्रीटेड यानी शोधित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य गांव के प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। यदि कुछ घरों में पानी अनावश्यक रूप से बहाया जाता है, तो इससे दूसरे परिवारों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने में परेशानी हो सकती है।
अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि घरेलू उपयोग के बाद नल बंद रखें, पानी की टंकी भरने पर मोटर बंद कर दें और पाइपलाइन या नलों में लीकेज होने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें। उन्होंने पेयजल का उपयोग पशुओं को नहलाने, वाहन धोने अथवा अन्य अनावश्यक कार्यों में नहीं करने की भी हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल हर घर तक पानी पहुंचाने से नहीं, बल्कि उपलब्ध पेयजल के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग से भी जुड़ी है। प्रत्येक ग्रामीण का दायित्व है कि पानी की बर्बादी रोकने में सहयोग करे, ताकि गांव के सभी परिवारों को पर्याप्त पेयजल मिल सके।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी गोहांड, सहायक अभियंता जल निगम ग्रामीण राहुल कुमार, सहायक अभियंता (ईएंडएम) आशीष बाजपेई, ग्राम पंचायत सचिव, कार्यदायी संस्था पीएनसी के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं पुलिस बल मौजूद रहे।
जनपद – हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!