रतनपुरा/मऊ।
राजेश वर्मा।XKN NEWS
हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा विकासखंड में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रतनपुरा-भीमपुरा मार्ग पर बसनहीं पुल के आगे सरकारी ठेके की दुकान के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि रतनपुरा निवासी चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु सिंह के पुत्र अभयजीत सिंह उर्फ गब्बू अपने मित्र राजेश सिंह, पुत्र शिव कुमार सिंह, के साथ बाइक से रतनपुरा बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। दोनों भीमपुरा तिराहा होते हुए बसनहीं पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरकारी ठेके की दुकान के पास सामने से आ रही अपाचे बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर श्यामलाल यादव, पुत्र होशला यादव, निवासी करउत, उम्र करीब 34 वर्ष, सवार थे। बताया गया है कि श्यामलाल यादव नगरा में पुलिस विभाग में कार्यरत थे और अपने घर की ओर जा रहे थे।
दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभयजीत सिंह उर्फ गब्बू, राजेश सिंह और श्यामलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगापुर पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अभयजीत सिंह उर्फ गब्बू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजेश सिंह और श्यामलाल यादव की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मऊ रेफर कर दिया गया।
रतनपुरा में पसरा मातम
हादसे की खबर रतनपुरा पहुंचते ही बाजार में सन्नाटा पसर गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग डॉ. अभिमन्यु सिंह के क्लीनिक और आवास पर पहुंचने लगे। पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
जिस घर में कुछ समय पहले तक रोजमर्रा की जिंदगी की चहल-पहल थी, वहां अचानक मातम छा गया। बेटे की असमय मौत से चिकित्सक पिता डॉ. अभिमन्यु सिंह का रो-रोकर बुरा हाल था। मौजूद लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे, लेकिन बेटे को खोने का गम इतना गहरा था कि सांत्वना के शब्द भी छोटे पड़ते नजर आए।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अभयजीत सिंह उर्फ गब्बू अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस उम्र में बच्चों को पिता का हाथ थामकर आगे बढ़ना था, उसी उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया।
हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी के महत्व को सामने ला दिया है। सड़क पर हुई एक टक्कर ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
समाचार लिखे जाने तक रतनपुरा में शोक का माहौल बना हुआ था। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई में जुटी थी।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!