सनातन धर्म की परंपरा में देवोत्थान एकादशी केवल एक व्रत या त्योहार नहीं, बल्कि नवचेतना, सामाजिक जागरण और शुभ कार्यों के पुनः आरंभ का प्रतीक है। मान्यता है कि चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु इसी दिन जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक एवं शुभ कार्यों का शुभारंभ होता है। इसी पावन अवसर पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसमें तुलसी माता का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ संपन्न कराया जाता है।
इस पर्व पर गन्ना, आंवला, सिंघाड़ा और अन्य पारंपरिक वस्तुएं प्रसाद के रूप में वितरित की जाती हैं। ग्रामीण समाज में इससे जुड़ी एक विशेष परंपरा भी प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, रात्रि के अंतिम प्रहर में घर की महिलाएं सूप पीटते हुए 'ईश्वर आवे, दरिद्र भागे' का उद्घोष करती हैं। यह परंपरा प्रतीकात्मक रूप से घर से दरिद्रता, नकारात्मकता और अशुभ विचारों को दूर कर सकारात्मकता एवं समृद्धि का स्वागत करने का संदेश देती है।
वास्तव में यह पर्व केवल देवताओं के जागने का नहीं, बल्कि मनुष्य और समाज के भीतर सोई हुई चेतना को जगाने का भी अवसर है। इसका संदेश है कि जीवन में ठहराव नहीं, बल्कि निरंतर कर्म, सकारात्मकता और लक्ष्य के प्रति समर्पण होना चाहिए।
आज मानव समाज के सामने अनेक गंभीर चुनौतियां हैं। नशे का बढ़ता प्रभाव, परिवारों का बिखरना, सामाजिक एवं पारिवारिक कर्तव्यों की उपेक्षा और युवा पीढ़ी में बढ़ता वैचारिक भ्रम ऐसे सवाल हैं, जिन पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। क्या हमारा समाज भी किसी योगनिद्रा में चला गया है? क्या हमने अपनी सभ्यता, संस्कृति, संस्कार और नैतिक जिम्मेदारियों को पीछे छोड़ दिया है?
X Kosmo Media House का उद्देश्य भी समाज को इन्हीं सवालों के प्रति जागरूक करना और सकारात्मक सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाना है। देवोत्थान एकादशी हमें प्रेरित करती है कि हम स्वयं जागें और दूसरों को भी जगाएं।
तुलसी विवाह की परंपरा भी हमें पवित्रता, प्रेम, पारिवारिक समर्पण, विश्वास और जिम्मेदारी का संदेश देती है। परिवार केवल रिश्तों से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, ईमानदारी और कर्तव्यपालन से आदर्श बनता है। यदि हम अपने बच्चों को नैतिकता, संस्कार और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाएं, तो आने वाली पीढ़ी समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
आज आवश्यकता है कि हम धार्मिक परंपराओं की मूल भावना को समझें और उन्हें केवल औपचारिक अनुष्ठान तक सीमित न रखें। धर्म और संस्कृति का वास्तविक उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना, समाज में सद्भाव स्थापित करना और व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी है।
एक कहावत है कि सोते हुए व्यक्ति को जगाना आसान है, लेकिन जागते हुए सोने का बहाना करने वाले व्यक्ति को जगाना बेहद कठिन है। इसलिए आज यह निर्णय समाज को स्वयं करना है कि वह वास्तव में जाग रहा है या परिस्थितियों के बीच आंखें मूंदकर बैठा है।
देवोत्थान एकादशी का वास्तविक संदेश यही है—उठो, जागो, अपनी सभ्यता और संस्कृति को पहचानो, अपने बच्चों को संस्कार दो और नैतिकता एवं कर्तव्यबोध के साथ समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दो।
इसी सकारात्मक सोच, सामाजिक जागरण और सनातन सांस्कृतिक चेतना के साथ सभी सम्मानित पाठकों को देवोत्थान एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं।
हरि प्रसाद पाठक
वरिष्ठ पत्रकार, सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!