आपराधिक मामलों में पीड़ितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है:-सचिव

 

बस्ती, 18 नवंबर। नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कॉलेज, रिठिया, संसारपुर, बस्ती में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज शमसुल हक के दिशा-निर्देशन में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार प्रथम ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्राप्त अधिकारों और गारंटियों की जानकारी होनी चाहिए तथा उनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों से कानून के प्रति जागरूक रहने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिनियम और सूचना का अधिकार अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून पात्र नागरिकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने का अधिकार प्रदान करता है, जबकि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत नागरिक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार सार्वजनिक प्राधिकरणों से सूचनाएं प्राप्त कर सकते हैं।

सचिव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आपराधिक मामलों में पीड़ितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से पात्र व्यक्तियों को जमानत, विचारण और रिमांड के स्तर पर प्रशिक्षित अधिवक्ताओं द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल के कौशल किशोर श्रीवास्तव ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता केवल कानून तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि नागरिकों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जागरूक होना आवश्यक है।

उन्होंने भारतीय संविधान में नागरिकों को प्राप्त मौलिक अधिकारों की चर्चा करते हुए कहा कि संविधान नागरिकों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान करता है। उन्होंने आपसी विवादों को बातचीत और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया। साथ ही बताया कि पराविधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से थाना, अस्पताल और तहसील स्तर पर भी लोगों को विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी विवेकानंद इंस्टीट्यूट कॉलेज समूह के अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने की। इस दौरान मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्य, शिक्षकगण, जिला चिकित्सालय के सर्जन डॉ. हनुमान सिंह, पराविधिक स्वयंसेवक बृजवासी लाल शुक्ल, सुशील कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।