डंपर की टक्कर से बिजली का पोल टूटा, 12 घरों में अंधेरा

अमावां (रायबरेली): मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ गांव में मंगलवार रात एक डंपर की टक्कर से बिजली का पोल टूटकर जमीन पर गिर गया। इससे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार को भी 12 घरों की बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे प्रभावित परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर आईटीआई पावर हाउस के जेई अमन कुमार ने बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया। उनके प्रयास से कुछ घरों में बिजली चालू करा दी गई, लेकिन करीब एक दर्जन घरों की आपूर्ति अब भी बाधित रही।

इस मामले में मिल एरिया थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। सीओ आशीष निगम ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डंपर पलटने से सड़क किनारे खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त

गदागंज (रायबरेली): गदागंज क्षेत्र में पूरे जिलेदार गांव के पास बुधवार दोपहर गिट्टी खाली करते समय एक डंपर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक बाइक उसकी चपेट में आ गई और क्षतिग्रस्त हो गई।

इस मामले में गदागंज थाना क्षेत्र के बड़े पुरवा निवासी पनम ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में डंपर चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया गया है।

थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।