गिरजा नंद शर्मा

XKN News

कप्तानगंज/कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के थाना कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भडसर खास में एक आवारा कुत्ते के लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता अब तक दर्जनभर लोगों को काटकर घायल कर चुका है। बताया जा रहा है कि वह अन्य आवारा कुत्तों पर भी हमला कर उन्हें काट रहा है।

घायलों में आंशिक साहनी, पुत्री जयहिंद साहनी भी शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक एंटी-रेबीज टीके लगाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ते के लगातार हमलों के चलते लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में विशेष रूप से भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते कुत्ते को पकड़ा नहीं गया तो किसी गंभीर घटना की आशंका बनी रह सकती है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग से तत्काल टीम भेजकर कुत्ते को पकड़ने तथा गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आगे किसी व्यक्ति के घायल होने की स्थिति उत्पन्न न हो।