हर विकासखंड में प्रतिदिन 10 समूह बनाने और माह के अंत तक लक्ष्य का 25 प्रतिशत पूरा करने के निर्देश

जौनपुर। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति करने वाले विकासखंडों के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त एनआरएलएम, जनपद के सभी 21 विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधक (बीएमएम) उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विकासखंड में प्रतिदिन कम से कम 10 स्वयं सहायता समूहों का गठन सुनिश्चित किया जाए। गठित समूहों का विवरण एमआईएस के माध्यम से लोकोस पोर्टल पर दर्ज किया जाए। साथ ही प्रतिदिन सुबह प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

माह के अंत तक 25 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) को निर्देशित किया कि चालू माह के अंतिम दिन तक प्रत्येक विकासखंड निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम से कम 25 प्रतिशत प्रगति हासिल करे। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा स्वयं सहायता समूहों के गठन की नियमित निगरानी करें।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक में स्पष्ट किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित नहीं करने वाले विकासखंडों के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।