पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की स्व-गणना पूर्ण कराने तथा उन्हें अभियान के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को दी गई है।

 

हमीरपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत समूहों को शामिल करने की पहल की है। इसी क्रम में 18 नवंबर को अभियान के तीसरे दिन को युवा, खेल, सामुदायिक संस्थाओं एवं मीडिया दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने पत्रकारों, खिलाड़ियों, युवा संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों से स्वयं स्व-गणना पूरी करने तथा अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है।

30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का अवसर

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से नागरिक आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार एवं घर से संबंधित निर्धारित सूचनाएं स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जनपद के पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, खेल संगठनों, खिलाड़ियों, युवा संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी स्व-गणना पूरी करें और अपने संपर्क में आने वाले अन्य नागरिकों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें।

विभागवार नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

स्व-गणना अभियान में विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन ने विभागवार नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके तहत पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की स्व-गणना पूर्ण कराने तथा उन्हें अभियान के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को दी गई है।

इसी प्रकार खेल संगठनों, खेल संघों, क्लबों, स्टेडियमों एवं खिलाड़ियों से समन्वय स्थापित करने का दायित्व जिला क्रीड़ा अधिकारी को सौंपा गया है।

एनसीसी, एनएसएस, उच्च शिक्षण संस्थानों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े लोगों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने तथा उनके माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक को दी गई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने और निर्धारित वर्गों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर निर्धारित प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक प्रक्रिया पूरी होने पर एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होती है, जिसे बाद में घर पहुंचने वाले प्रगणक के साथ साझा करना होगा।

उत्तर प्रदेश में स्व-गणना के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण चरण निर्धारित है। जिन परिवारों द्वारा ऑनलाइन स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनकी जानकारी भी प्रगणकों द्वारा घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने की अपील की है।