दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण का आरोप, पुलिस की वीडियोग्राफी में दर्ज हुई गतिविधियां
चिरैयाकोट / मऊ।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और पुलिस की हिदायत के बावजूद ध्वनि कम नहीं करने के आरोप में चिरैयाकोट पुलिस ने चार डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे वाहनों की वीडियोग्राफी भी कराई गई। प्रतिमा विसर्जन संपन्न होने के बाद थानाध्यक्ष की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।
नगर में सोमवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर देर रात तक असहज स्थिति बनी रही। पिछले वर्ष विसर्जन के दौरान तेज ध्वनि और भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन इस बार पहले से सतर्क था। जिला प्रशासन भी आयोजन पर नजर बनाए हुए था।
खरिहानी तिराहे पर पुलिस ने रोका ध्यान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को चिरैयाकोट के थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य अपने हमराहियों कांस्टेबल विराट पटेल, प्रदीप कुमार, अरुण यादव और सरकारी वाहन चालक हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार के साथ विसर्जन जुलूस की ड्यूटी पर खरिहानी तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान कस्बा चौक की ओर से चार डीजे वाहन तेज आवाज में संगीत बजाते हुए आते दिखाई दिए।
पुलिस के मुताबिक, इनमें पावर म्यूजिक डीजे, पुरुषोत्तमपुर, मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) का संचालक ट्रक संख्या UP 61 AT 2956 पर, शगुन डीजे, किठौर का संचालक हिमांशु रनावत ट्रक संख्या UP 54 T 9195 पर, बर्मन डीजे के मालिक तपस वर्मन, पुत्र अश्वनी वर्मन, निवासी पटना पूर्वा, मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), ट्रक संख्या UP 50 AT 4075 पर तथा लकी डीजे, मुहम्मदाबाद का संचालक पिकअप वाहन पर साउंड सिस्टम लगाकर डीजे बजा रहा था।
हिदायत के बाद भी आवाज कम नहीं करने का आरोप
पुलिस की तहरीर के अनुसार, थानाध्यक्ष ने डीजे संचालकों को ध्वनि कम करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि संचालकों ने निर्देश का पालन करने के बजाय ध्वनि और वाइब्रेशन बढ़ाकर डीजे बजाना जारी रखा।
पुलिस ने तेज आवाज को आमजन के लिए परेशानी का कारण बताते हुए कहा कि इससे हृदय रोगियों, बीमार व्यक्तियों, बुजुर्गों और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता था। मामले में ध्वनि प्रदूषण तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल से जुड़े निर्धारित दिशा-निर्देशों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
प्रतिमा विसर्जन के बाद थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य की तहरीर पर चारों डीजे संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
XKNA
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!