रात के निरीक्षण में दो डॉक्टर ड्यूटी से गायब, गार्ड भी मिले अनुपस्थित

 

महराजगंज, 05 अक्टूबर 2026

 

आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने देर रात जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना और प्रोटोकॉल के सामान्य व्यक्ति के रूप में अस्पताल पहुँचे और मरीजों को मिल रहे उपचार, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता तथा रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

 

अस्पताल पहुँचते ही जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार की व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की स्थिति तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि इलाज अथवा किसी अन्य सुविधा के लिए उनसे किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस या पैसे की मांग तो नहीं की गई। पूछताछ में मरीजों और उनके तीमारदारों ने ऐसी किसी मांग से इनकार किया।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, प्रसव पश्चात कक्ष, फार्मेसी सहित अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. श्वेतांशु शाही एवं डॉ. शालिनी वर्मा बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया।

 

महिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर तैनात गार्ड भी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

पंजिकाओं की भी हुई जांच

 

जिलाधिकारी ने प्रसव पंजिका, पोषण पंजिका, रेफरल पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया। कुछ पंजिकाएं निर्धारित तरीके से भरी हुई नहीं मिलीं। इस पर संबंधित स्टाफ नर्सों को चेतावनी देते हुए सभी पंजिकाओं को निर्धारित प्रारूप में सही एवं अद्यतन तरीके से भरने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने मौजूद स्टाफ नर्सों से प्रोजेक्ट पहचान के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य विकासात्मक बाधा और अस्थायी दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों की समय से पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच एवं उचित उपचार उपलब्ध कराना है।

 

उन्होंने निर्देश दिया कि जिला अस्पताल में बच्चों से संबंधित प्रत्येक रजिस्टर व्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए तथा बच्चों की समस्या को स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुसार उन्हें समय से उपचार एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स अर्चना सिंह, अर्चना पाण्डेय एवं अनुराधा गुप्ता मौजूद रहीं।

 

अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दिए जा रहे उपचार तथा रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी जायजा लिया।

 

उन्होंने विभिन्न वार्डों एवं कक्षों का निरीक्षण करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीयता से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सीधे सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी न हो तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उन्हें सुगमता और सम्मान के साथ मिले।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सम्मान और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का अधिकारी है। मरीजों को समय से उपचार, आवश्यक दवाएं तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा असंवेदनशीलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि अस्पतालों की व्यवस्थाओं की नियमित रूप से औचक जांच की जाएगी, ताकि मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सामने आती रहे। निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने तथा भविष्य में ऐसी कमियां दोबारा न हों, इसके लिए संबंधित के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी उपस्थित रहे।