रवि शंकर सिंह
XKN News
रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र के जड़ैया मजरे के कल्याणपुर सुरजई गांव में रविवार रात खेत से निकलकर एक मगरमच्छ बाग में पहुंच गया। मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बाग की घेराबंदी कर मगरमच्छ को गांव की ओर बढ़ने से रोक दिया। पूरी रात ग्रामीण निगरानी करते रहे और बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया।
सोमवार सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी रवि कुमार भारती, वन दारोगा आशीष मौर्य, आशीष कुमार यादव, विजय वर्मा और राकेश कुमार ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने रस्सियों की सहायता से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ करीब छह फीट लंबा और 50 किलोग्राम से अधिक वजन का था। आवश्यक परीक्षण के बाद वन विभाग ने उसे सुरक्षित रूप से गंगा नदी में छोड़ दिया।
ग्रामीण हरिश्चंद्र गुप्ता और राहुल मौर्य के मुताबिक, रविवार शाम खेत में धान की फसल के बीच अचानक हलचल दिखाई दी थी। पहले उन्हें किसी चोर या जंगली जानवर के होने का संदेह हुआ। तलाश करने पर खेत में मगरमच्छ दिखाई दिया। ग्रामीणों का अनुमान है कि वह नदी से निकलकर खेतों के रास्ते गांव तक पहुंचा होगा।
वन विभाग की टीम ने समय रहते मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक जल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!