मधुबन, मऊ, उत्तर प्रदेश।
लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए मधुबन तहसील क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक छठ गीतों और पूजा की तैयारियों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।
मधुबन और रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का काम चलता रहा। दोपहर बाद व्रती महिलाएं सूप, दउरा, ठेकुआ, फल-फूल और अन्य पूजन सामग्री लेकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ घाटों की ओर रवाना हुईं।
छठ गीतों से गूंजे रास्ते और घाट
घाटों की ओर जाती महिलाओं के समूहों में छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देती रही। 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय' जैसे लोकगीतों ने पर्व की पारंपरिक छटा को और जीवंत बना दिया। गाजे-बाजे के साथ घाटों तक पहुंचीं व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

मधुबन, दुबारी, विग्रहपुर, तालरतोय, गजियापुर, सुग्गीचौरी, सिपाह इब्राहिमाबाद, नंदौर, परसूपुर, रामपुर बेलौली, नेमडाड़, चंद्रापार, फतहपुर मंडाव, लखनौर और काठतरांव सहित अनेक ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में छठ पर्व की धूम रही। विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा
छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। प्रभारी निरीक्षक मधुबन कृष्ण कुमार गुप्ता और थानाध्यक्ष रामपुर सुनील कुमार सरोज ने विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना की। लोक आस्था, परंपरा और पारिवारिक मंगलकामना से जुड़ा यह महापर्व पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
XKNA
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!