मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। — राजेश वर्मा, नेशनल पॉलिटिकल डेस्क, XKN News

अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मोहम्मदाबाद गोहना स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वरिष्ठजनों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को मिष्ठान एवं वस्त्र वितरित किए तथा आत्मीयता से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना।

जिलाधिकारी ने वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज और परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने वृद्धजनों को आश्वस्त किया कि वे उनके सुख-दुख में सहभागी रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर वृद्ध आश्रम पहुंचकर उनसे मुलाकात करते रहेंगे। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने वर्तमान समय में नई पीढ़ी के बुजुर्गों के प्रति व्यवहार पर आधारित भावनात्मक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से उन परिस्थितियों को प्रदर्शित किया गया, जिनमें कई बुजुर्गों को उनके अपने बच्चे वृद्ध आश्रम पहुंचा देते हैं तथा कुछ परिवारों में नई पीढ़ी अपने माता-पिता के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाती। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

इसी क्रम में वृद्ध आश्रम में निवासरत ऐसे बुजुर्गों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिन्हें आंखों से संबंधित समस्या थी। जांच के बाद जरूरतमंद वरिष्ठजनों को जिलाधिकारी द्वारा चश्मे प्रदान किए गए। चश्मे मिलने पर बुजुर्गों में प्रसन्नता देखने को मिली।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और उनकी देखभाल केवल किसी एक दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह समाज और परिवार की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने नई पीढ़ी से बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना अर्चना अग्निहोत्री, तहसीलदार मोहम्मदाबाद गोहना तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।