भूमि विवाद, पुलिस, बैंक, पेंशन, शिक्षा, आर्थिक अनुदान और रोजगार से जुड़ी समस्याओं पर होगी चर्चा; 5 नवंबर तक लिखित आवेदन देने की अपील

महराजगंज, 31 अक्टूबर 2026। जनपद के भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आगामी 6 नवंबर 2026 को अपराह्न 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्डर बृज मोहन पाण्डेय (अ०प्रा०) ने बताया कि बैठक में भूतपूर्व सैनिकों की भूमि विवाद, पुलिस, बैंक, पेंशन, शिक्षा, आर्थिक अनुदान एवं रोजगार से संबंधित समस्याओं पर विचार किया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जनपद के सभी भूतपूर्व सैनिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं को स्पष्ट रूप से लिखित रूप में 5 नवंबर 2026 तक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में उपलब्ध करा दें, ताकि संबंधित मामलों को बैठक के एजेंडे में शामिल कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

जिला सैनिक बन्धु समिति की यह बैठक भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का अवसर होगी।