राजेश वर्मा, मऊ
मऊ में मादक पदार्थों, अवैध शराब और नशीली दवाओं की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कैंप कार्यालय स्थित सभागार में एनकार्ड (NCORD) की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अगस्त माह में की गई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में आबकारी विभाग की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अवैध एवं जहरीली शराब के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों और ड्रग्स के खिलाफ भी निरंतर अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने शराब की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने के साथ दुकानों के बाहर सड़क की ओर भी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को शराब की बिक्री न हो।
2,500 से अधिक मेडिकल दुकानों पर 131 निरीक्षण
बैठक में औषधि विभाग की समीक्षा के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि अप्रैल माह से अब तक जनपद में कुल 131 मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया गया है। जिले में 2,500 से अधिक मेडिकल दुकानों के सापेक्ष निरीक्षण की संख्या कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और निरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को दुकान के अंदर के साथ-साथ सड़क की ओर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इस निर्देश का उद्देश्य दवाओं की बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को मजबूत करना बताया गया।
स्कूलों में नशे के खिलाफ नियमित जागरूकता अभियान
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच शराब, मादक पदार्थों और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी को नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्ति से जुड़ी आवश्यक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुपस्थित दो अधिकारियों को नोटिस
एनकार्ड जैसी समन्वयात्मक बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नामित नोडल एसीएमओ तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ट्रेनों में रैंडम चेकिंग पर जोर
जीआरपी द्वारा अगस्त माह में की गई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान कोई भी मादक पदार्थ अथवा ड्रग्स संबंधी प्रकरण सामने नहीं आने पर जिलाधिकारी ने ट्रेनों में रैंडम और गहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब और ड्रग्स आदि की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!