Report By: Rajesh Verma & Jitendra Tripathi

(National Crime Desk | X Kosmo News )

बस्ती। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालकों को फर्जी ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर नकदी ठगने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी PhonePe और Google Pay समेत अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों की फर्जी ‘Payment Successful’ रसीद या स्क्रीनशॉट दिखाकर नकदी लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चार एंड्रायड मोबाइल फोन, ₹20 हजार नकद और एक अर्टिगा कार बरामद की है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अस्पताल चौराहा स्थित एक दुकान से सामने आया। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को सुनील कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान पर एक व्यक्ति ने ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर ₹9,090 नकद ले लिए। बाद में खाते की जांच करने पर भुगतान की रकम जमा नहीं मिली। शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना बस्ती में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने 11 सितंबर को विशाल कुमार चौधरी (31), निवासी लधौरा, थाना मंगलौर, हरिद्वार और रिषभ सिंह भदौरिया (21), निवासी करौली सरकार, थाना सेन पश्चिम पारा, कानपुर देहात को गिरफ्तार किया।

QR भुगतान का झांसा, स्क्रीनशॉट दिखाकर कैश

पुलिस के अनुसार, आरोपी सीएसपी पर पहुंचकर संचालक से कहते थे कि वे QR कोड के जरिए भुगतान करेंगे। इसके बाद संचालक से कमीशन काटकर नकद देने को कहते। मोबाइल में भुगतान सफल होने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर वे नकदी हासिल कर लेते और वहां से निकल जाते थे। खाते में वास्तविक भुगतान नहीं आने का पता संचालक को बाद में चलता था।

पुलिस की जांच में बस्ती की घटना के अलावा इटावा के काशीरामपुर में ₹8,080 और फिरोजाबाद में ₹1.01 लाख की इसी तरह की ठगी की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार विशाल कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में मुजफ्फरनगर के कोतवाली नगर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अन्य घटनाओं और संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय नारायन मिश्रा, निरीक्षक भगवान सिंह, उपनिरीक्षक इन्द्रजीत गौड़, जावेद खान, मनोज कुमार दूबे समेत साइबर क्राइम थाना की टीम शामिल रही।