वंदना अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने 19 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन का औचक निरीक्षण किया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राम प्यारे के मार्गदर्शन में हुए इस निरीक्षण के दौरान सचिव ने वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, निर्धारित कक्षों और संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया।
इसके बाद उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन का निरीक्षण किया, जहां दो बालक आवासित मिले। सचिव ने बच्चों के ठहरने, देखभाल और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी से उनके संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि दोनों केंद्रों पर आने वाली महिलाओं एवं बच्चों को आवश्यक सहायता, सुरक्षा और सुविधाएं संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उनके अधिकारों, गरिमा और हितों का विशेष ध्यान रखा जाए।
वंदना अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान पीएलवी पवन तिवारी एवं हुमैरा उपस्थित रहे।
जनपद – हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!