हमीरपुर।
राजेश वर्मा द्वारा हरि नारायण प्रजापति
जनपद हमीरपुर की सभी चार तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील हमीरपुर में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक सहित संबंधित अधिकारियों ने जनसामान्य की समस्याएं सुनीं। पात्र प्रकरणों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कराते हुए फरियादियों को राहत प्रदान की गई।
तहसीलवार प्राप्त शिकायतों के अनुसार, हमीरपुर तहसील में 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण कराया गया। सरीला तहसील में 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण हुआ। मौदहा तहसील में 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण कराया गया। वहीं राठ तहसील में 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस प्रकार जनपद की चारों तहसीलों में कुल 148 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
हमीरपुर तहसील में सीसीटीवी व्यवस्था का शुभारंभ
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील हमीरपुर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था का जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने शुभारंभ किया। उन्होंने सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी संचालन और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
इसी दौरान दो फरियादियों की खतौनी में आवश्यक शुद्धि तत्काल कराकर उन्हें संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई गई। इससे दोनों फरियादियों को मौके पर ही राहत मिली।
सरीला में कृषक दुर्घटना बीमा योजना के दो लाभार्थी लाभान्वित
तहसील सरीला में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कृषक दुर्घटना बीमा योजना के दो लाभार्थियों को नियमानुसार लाभान्वित किया गया। संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता के लिए शिकायतों का निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की स्वयं समीक्षा करने तथा निस्तारण के संबंध में शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त करने के भी निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, कृषि, आपूर्ति, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं कार्रवाई सुनिश्चित की।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!