बस्ती, 26 सितंबर 2026।

 

मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश एवं तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

 

इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीम ने कटरिया-चांदपुर तटबंध तथा टांडा-कलवारी पुल के आसपास स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति, जलस्तर, आवागमन तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। संबंधित अभियंताओं से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि लगातार हो रही बारिश एवं तेज हवाओं को देखते हुए तटबंध तथा नदी के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जलस्तर में वृद्धि, कटान अथवा तटबंध से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। संवेदनशील स्थानों पर राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें सतर्क रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

 

अधिकारियों ने नदी एवं तटबंध के आसपास अनावश्यक रूप से लोगों की आवाजाही रोकने तथा स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति के संबंध में लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखने को कहा गया।

 

जिला प्रशासन ने बाढ़ एवं अतिवृष्टि की संभावित स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, राहत एवं बचाव उपकरण तैयार रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए नदी, नालों, तटबंधों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के निकट जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, राजेश यादव, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, सत्येन्द्र गौतम, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।