मुबारकपुर नई बस्ती में हादसे के बाद मची अफरा-तफरी; हीरा राजभर जिला अस्पताल मऊ रेफर, रामविलास राजभर का सीएचसी में उपचार जारी

रतनपुरा, मऊ | XKN News

मऊ जनपद के रतनपुरा विकासखंड अंतर्गत हलधरपुर थाना क्षेत्र की मुबारकपुर नई बस्ती में बुधवार सुबह मकान में विद्युत वायरिंग का काम करते समय करंट की चपेट में आने से दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जोगापुर रतनपुरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया। दूसरे घायल का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर जारी है।

बिजली के तार जोड़ते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा दौड़ा निवासी हीरा राजभर (लगभग 50 वर्ष) और मुबारकपुर निवासी रामविलास राजभर (लगभग 35 वर्ष) मुबारकपुर नई बस्ती में राजेंद्र गुप्ता के मकान में विद्युत वायरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान बिजली के तार जोड़ते समय दोनों अचानक करंट की चपेट में आ गए और घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आनन-फानन में दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी जोगापुर रतनपुरा ले जाया गया।

एक जिला अस्पताल रेफर, दूसरे का उपचार जारी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने हीरा राजभर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया। वहीं, रामविलास राजभर का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

अचानक हुए हादसे से दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है। परिजन घायलों के स्वास्थ्य को लेकर परेशान हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

XKN News | जनहित में स्थानीय घटनाओं की तथ्यपरक रिपोर्टिंग