राजेश वर्मा
द्वारा
हरि नारायण प्रजापति
हमीरपुर, 16 सितंबर। अतिवृष्टि के चलते सरीला क्षेत्र में उर्द, तिल, मूंग समेत खरीफ की अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फसल नुकसान का मुआवजा समेत विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम विकास कुमार यादव को सौंपा।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मैयादीन साहू के नेतृत्व में करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से अतिवृष्टि से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने, किसानों का ऋण माफ करने, आगामी रबी फसल की बुवाई के लिए समय से पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने जनगणना-2027 के फॉर्म में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम जोड़ने तथा पहले से मौजूद जातियों की ड्रॉपडाउन सूची प्रगणक के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। इस संबंध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पिछड़ा वर्ग की जनगणना कराने का वादा किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि 14 अगस्त 2026 को जारी जनगणना अधिसूचना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने जनगणना फॉर्म में ओबीसी का अलग कॉलम शामिल करने की मांग की।
इस मौके पर रामेंद्र राजपूत, राजेश राजपूत, हरीबाबू श्रीवास, नरेश राजपूत, लालाराम साहू, जमील खां, विनोद सैनी, संतोष शिवहरे, आशाराम अहिरवार समेत करीब दो दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!