महराजगंज, 19 सितंबर 2026।

राजेश वर्मा द्वारा गिरजा नन्द शर्मा

 

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयुष विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित कुल 818 नवचयनित अभ्यर्थियों को मिशन रोजगार के अंतर्गत लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

 

इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, महराजगंज में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने देखा।

 

इसी क्रम में जनपद महराजगंज के आयुष विभाग में होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के पद पर चयनित 9 अभ्यर्थियों तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर चयनित 9 अभ्यर्थियों, यानी कुल 18 अभ्यर्थियों को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

 

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद नवनियुक्त अभ्यर्थियों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।

 

इस अवसर पर विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को उनकी सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधायक के अनुसार, वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश सरकार द्वारा 9.5 लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में रोजगार प्रदान किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा पात्र अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

 

विधायक ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से जनसेवा तथा समाज एवं प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।

 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार द्विवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।