राजेश शर्मा

नेशनल पॉलिटिकल डेस्क एडिटर

XKN News

मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, निवेश प्रस्तावों तथा विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना, औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा परिसर की मुख्य सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग ब्रिक्स लगाए जाने, एनएच-29 पर बढ़ुआ गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिम दिशा में साइफन निर्माण से उत्पन्न समस्या तथा कारखाना अधिनियम-1948 के अंतर्गत औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्य विकास अधिकारी ने सहादतपुरा में विद्युत सब-स्टेशन निर्माण के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत को एक सप्ताह के भीतर स्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित लंबित समस्याओं का संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन में तेजी के निर्देश

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदन पत्रों तथा उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा जनपद में प्राप्त निवेश प्रस्तावों (इंटेंट) को धरातल पर उतारने की प्रगति भी देखी गई।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निवेशकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

स्वरोजगार योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जिला एक व्यंजन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा ओडीओपी प्रशिक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए।

उद्योग व्यापार मंडल ने सड़क, बस स्टेशन और चिकित्सा सुविधा का मुद्दा उठाया

बैठक में जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्वी रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क पर बने बड़े गड्ढों की समस्या उठाई। उन्होंने आगामी दशहरा और दीपावली के दौरान मूर्ति विसर्जन को देखते हुए सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

इसके साथ ही मुहम्मदाबाद गोहना, चिरैयाकोट और रतनपुरा में परिवहन विभाग द्वारा बस स्टेशन की व्यवस्था तथा नगर पंचायत वलीदपुर में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़ी इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

आधारभूत सुविधाएं औद्योगिक विकास की प्राथमिक शर्त

सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं, निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन की उद्यमिता योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से उद्यमियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

XKN News