मऊ। डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आगामी 6 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित बहुजन समाज पार्टी की विशाल रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मधुबन स्थित एक मैरिज हॉल में बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर रणनीति बनाई गई। मधुबन विधानसभा क्षेत्र से हजारों कार्यकर्ताओं को लखनऊ ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए आजमगढ़ मंडल के मुख्य प्रभारी ओमकार शास्त्री ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का मिशन अभी अधूरा है और उसे पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने 6 दिसंबर की रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकजुटता के साथ तैयारी करने की अपील की।
ओमकार शास्त्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बसपा बाबा साहब के विचारों और सामाजिक परिवर्तन के मिशन को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
मधुबन विधानसभा क्षेत्र-353 के बसपा प्रभारी प्रत्याशी भरत भैया ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश की बड़ी आबादी को शिक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक कर नई दिशा दी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की इच्छा दिखाई दे रही है और वर्ष 2027 में बसपा सुप्रीमो मायावती के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने आगे राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी के विस्तार का विश्वास जताया।
बैठक की अध्यक्षता मंडल कोऑर्डिनेटर शैलेन्द्र कुमार सिंटू ने की, जबकि संचालन रामबहादुर ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जयभीम कुमार, गौरीशंकर आचार्य, अभिषेक सिंह परमार, बिन्दु सरोज, सभासद आलोक मल्ल, दोहरीघाट के पूर्व चेयरमैन त्रिलोकी प्रसाद सोनकर, डॉ. आरएन सिंह, सूर्यभान भारद्वाज, रामप्रसाद चौधरी, महेंद्र यादव, परवेज आलम, फैज आलम, परवेज अहमद, अनिल गौतम, सुभाष राजभर, विनोद कुमार, प्रधान रमेश यादव, पूर्व प्रधान रामजन्म यादव, राजकुमार राजू, मुन्ना सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष बब्लू ठठेरा और लल्लन सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने 6 दिसंबर की लखनऊ रैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!