महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत :-शर्मा
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026 | XKN News
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगरीय निकाय निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा के साथ महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत
मंत्री ए.के. शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने ज्ञान और तप से देश को संस्कारों की अमूल्य विरासत दी। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया और समाज को मर्यादा, नैतिकता तथा सदाचार का मार्ग दिखाया।
सफाई मित्र समाज के आधार स्तंभ
सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि वे केवल सफाई व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि समाज के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन के आधार स्तंभ हैं। उनके अथक परिश्रम से ही परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद मिलती है।
स्वच्छ भारत अभियान और
लखनऊ की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए मंत्री ने सफाई मित्रों को इस जनांदोलन का वास्तविक सारथी बताया।
उन्होंने कहा कि लखनऊ ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश और प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में शहर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। मंत्री के अनुसार, लखनऊ में प्रतिदिन लगभग 2,100 टन कचरा निकलता है। इसके वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और निदेशक अनुज कुमार झा ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!