मऊ। 2021 बैच के आईएएस अधिकारी ध्रुव खाडिया ने 6 अक्टूबर 2026 को जनपद मऊ के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वह अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तथा जनपद जौनपुर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि शासन की मंशा धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो सके।

 

उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के साथ-साथ आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के साथ फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका समाधान कराया जाएगा।

 

सीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ उनकी गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण

 

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया ने विकास भवन परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्मिकों की उपस्थिति तथा आमजन से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

 

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयों में समयबद्धता, अनुशासन, पारदर्शिता तथा कार्यों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

इसी क्रम में उन्होंने उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों, श्रमिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार और प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत अधिक से अधिक जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही कराए जा रहे कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों से शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास को गति देने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ करे।

 

इस दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार राजीव कुमार, स्टेनो मुख्य विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।