मोटे अनाजों के बीजों और औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान; बिहार से चयनित छह विशिष्ट व्यक्तियों में एकमात्र महिला

मऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ की घोसी तहसील के बड़रांव गांव की बेटी डॉ. श्वेता राय ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान से जिले सहित पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। बिहार की राजधानी पटना स्थित लोक भवन में 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित ‘किसान सम्मान एवं किसान सहयोग विमर्श’ कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने उन्हें प्रतिष्ठित ‘बिहार कृषि सम्मान’ से सम्मानित किया।

‘विकसित भारत @2047 – कृषि: आत्मनिर्भरता से उद्यमिता की ओर’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख श्री रामलाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल विभाग की मंत्री श्रीमती श्रेयसी सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

डॉ. श्वेता राय को कृषि क्षेत्र के विकास, उन्नत कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहन देने तथा मोटे अनाजों के बीजों और औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि को और विशेष बनाता है कि बिहार से इस सम्मान के लिए चयनित छह विशिष्ट व्यक्तियों में डॉ. श्वेता राय एकमात्र महिला हैं।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय से हासिल की उच्च शिक्षा

डॉ. श्वेता राय का शैक्षणिक सफर भी उनकी उपलब्धियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पीएचडी सहित अपनी उच्च शिक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से प्रथम श्रेणी में पूरी की है। प्रारंभ से ही मेधावी और बहुमुखी प्रतिभा की धनी रहीं डॉ. राय ने शिक्षा के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में भी निरंतर सक्रियता और समर्पण के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में भी विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

बड़रांव से बिहार तक गौरव की उपलब्धि

डॉ. श्वेता राय पंडित स्वर्गीय रामसूरत राय की पौत्री तथा स्वर्गीय लाल बहादुर राय और डॉ. कमला राय की पुत्री हैं। उनका विवाह बिहार के बक्सर जिले के उमरपुर निवासी डॉ. दिनेश राय एवं श्रीमती सुशीला देवी के परिवार में हुआ है।

उनकी इस उपलब्धि से बड़रांव गांव, घोसी तहसील और पूरे जनपद मऊ में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। यह सम्मान केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि कृषि के क्षेत्र में ज्ञान, शोध, परंपरागत बीजों और औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण की अहमियत को भी रेखांकित करता है।

डॉ. श्वेता राय की सफलता इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि समर्पण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अथक परिश्रम के बल पर कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान देकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और युवा पीढ़ी को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।