138 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, कंपनी के एचआर प्रतिनिधि ने साक्षात्कार के माध्यम से किया चयन
टैलेन्टप सर्विस प्रा. लि. ने हायर अप्लायंसेज इंडिया प्रा. लि. के लिए की भर्ती
मऊ | XKN News
राजेश वर्मा, नेशनल पॉलिटिकल डेस्क | XKN News
मऊ। युवाओं को रोजगार और अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सहादतपुरा, मऊ परिसर में शुक्रवार को अप्रेन्टिस रोजगार मेले (कैम्पस ड्राइव) का आयोजन किया गया। इसमें कुल 138 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से साक्षात्कार के माध्यम से 62 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
रोजगार मेले में टैलेन्टप सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा की ओर से हायर अप्लायंसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कंपनी के एचआर प्रतिनिधि संदीप पाण्डेय ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर 62 अभ्यर्थियों का चयन किया।
प्रत्येक माह रोजगार मेले आयोजित कर रहा आईटीआई
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य अरुण यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप राजकीय आईटीआई, मऊ में प्रत्येक माह रोजगार मेले और अप्रेन्टिसशिप रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्थानीय और बाहरी जनपदों के अभ्यर्थियों को भी अवसर
रोजगार मेला प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि संस्थान की ओर से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। जनपद मऊ सहित अन्य जनपदों के इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुरूप इन रोजगार मेलों में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।
संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में रोजगार मेला प्रभारी योगेंद्र यादव, शारदानन्द राय, द्वारिका मिश्रा, कुशाग्र सिंह कुशवाहा, रमेश यादव, रहमान, गोपाल दुबे, श्रीमती सरिता विश्वकर्मा, श्रीमती अनीता कुशवाहा, अंजनी कुमार, सचिन्द्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
XKN News | National Desk
स्वतंत्र विचार • जिम्मेदार पत्रकारिता • सामाजिक पत्रकारिता
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!