koshvani.up.nic.in पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर Pensioner's Corner के अंतर्गत Pension Payment Details विकल्प चुनना होगा। 

 नेशनल डेस्क | XKN News

मऊ। कोषागार मऊ से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें जीवित प्रमाण-पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करने के लिए कोषागार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशनर अपने स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं।

कोषागार प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पेंशनर अपने जीवित प्रमाण-पत्र की स्थिति और उसकी वैधता की जानकारी उत्तर प्रदेश कोषवाणी की आधिकारिक वेबसाइट koshvani.up.nic.in पर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर Pensioner's Corner के अंतर्गत Pension Payment Details विकल्प चुनना होगा। यहां पेंशन प्राप्त करने वाले जिले और बैंक खाता संख्या दर्ज करने पर जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता तिथि, पीपीओ संख्या तथा पेंशन भुगतान या उसके अवरुद्ध होने से संबंधित जानकारी देखी जा सकती है।

स्मार्टफोन से ऐसे जमा करें जीवित प्रमाण-पत्र

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए पेंशनरों को अपने स्मार्टफोन के Google Play Store से Jeevan Pramaan App और Aadhaar Face RD App डाउनलोड करना होगा।

प्रथम बार लॉगिन करते समय ऑपरेटर डिटेल में आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करनी होगी। इसके बाद पेंशनर अथवा पारिवारिक पेंशनर का आवेदन सावधानीपूर्वक भरना होगा।

आवेदन में पेंशनर का नाम, पीपीओ संख्या, पेंशन प्राप्त करने वाले बैंक खाते का नंबर और बैंक का IFSC Code दर्ज करना आवश्यक है। विभाग के विकल्प में Uttar Pradesh Treasury-Sub Treasuries (MAU) का चयन करने के बाद जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रेषित किया जा सकता है।

विवरण भरते समय बरतें सावधानी

कोषागार प्रशासन ने पेंशनरों को विशेष रूप से सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय पीपीओ संख्या, बैंक खाता संख्या और IFSC Code का मिलान अपनी पेंशन स्लिप अथवा बैंक पासबुक से अवश्य कर लें। किसी भी प्रकार की गलत जानकारी दर्ज होने से जीवित प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

कोषागार मऊ ने सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे घर बैठे उपलब्ध इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं और अपनी पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जीवित प्रमाण-पत्र जमा करें।