अभिनव तिवारी, हमीरपुर

XKN News

 

हमीरपुर। तहसील मौदहा में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, विधिक प्रक्रियाओं और उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना रहा।

 

जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, यह शिविर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय के दिशा-निर्देशन तथा सीनियर सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

 

शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) शिवनारायण एवं पवन तिवारी ने तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों, शिकायतकर्ताओं और आम नागरिकों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं विधिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

 

नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालतों के लाभ, पीड़िता प्रतिकर योजना तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

 

पीएलवी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सुलभ, त्वरित और सस्ता न्याय उपलब्ध कराना है। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं का लाभ उठाएं।

 

इस अवसर पर तहसील प्रशासन के अधिकारी, फरियादी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।