XKN News राजेश वर्मा
द्वारा — हरी नारायण प्रजापति
हमीरपुर
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मौदहा कस्बे में कार्रवाई की। स्टेशन रोड स्थित मैसर्स आंचल ट्रेडर्स के निरीक्षण के दौरान टीम को एक्सपायरी बिस्कुट, चॉकलेट समेत अन्य खाद्य पदार्थ मिले। अधिकारियों ने मौके पर ही इन्हें क्रश कराकर नष्ट करा दिया।
उपजिलाधिकारी मौदहा कर्णवीर सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। जांच में एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। भंडारण व्यवस्था में भी मानकों के पालन में कमी सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा प्रतिष्ठान का FSSAI लाइसेंस जनहित में निलंबित करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की बात कही गई है।
टीम ने मौके पर मिले कालातीत बिस्कुट, चॉकलेट और अन्य खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया, ताकि उनका दोबारा मानव उपभोग में इस्तेमाल न हो सके।
इसके अलावा प्रतिष्ठान में बिक्री के लिए रखी गोल्डी ब्रांड की हींग का नमूना भी लिया गया। नमूना नियमानुसार प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के क्रय, विक्रय, भंडारण और निस्तारण में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़े नियमों की अनदेखी पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय, सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. गौरीशंकर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनिता यादव मौजूद रहीं।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!