05 औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए, तीन दिन में क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश

 

मऊ।

 

जिलाधिकारी के निर्देशों एवं प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के औषधि निरीक्षक श्री आशुतोष कुमार चौबे ने निकट फातिमा मोड़, सहादतपुरा स्थित मेसर्स तारा मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फर्म स्वामी श्री संजय कुमार सिंह मौके पर उपस्थित थे।

 

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर अनुमोदित फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाया गया। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर द्वारा किए जा रहे औषधि विक्रय कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया।

 

निरीक्षण के दौरान मौके से कुल 05 औषधियों के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए लिए गए। साथ ही संबंधित औषधियों के क्रय एवं विक्रय से संबंधित समस्त विवरण तीन दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश फर्म संचालक को दिए गए हैं।

 

औषधि निरीक्षक ने फर्म संचालक को Schedule C, C1, H, H1 एवं X में सम्मिलित औषधियों की बिक्री से संबंधित अभिलेख नियमानुसार सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रतिष्ठान में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को भी कहा गया।

 

निरीक्षण आख्या की प्रति औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है। विभाग के अनुसार, लिए गए औषधि नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।