राजेश शर्मा के साथ अनिल तिवारी, XKN News
जौनपुर। गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल की मदद से साइबर क्राइम टीम ने अलग-अलग जिलों और राज्यों से 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई नोडल अधिकारी साइबर क्राइम अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता (IPS) के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम टीम ने की। तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस करने के बाद उनकी बरामदगी की गई।
पुलिस के अनुसार, अब तक चलाए गए अभियान में कुल 2,239 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये है।
बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लंबे समय से अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल के वापस मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले, तो उनके चेहरों पर खुशी नजर आई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल की सूचना दर्ज कराने से उनके ट्रेस और बरामद होने की संभावना बढ़ती है। साइबर क्राइम टीम तकनीकी निगरानी के जरिए ऐसे मोबाइल फोन की लगातार तलाश कर रही है।
जौनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल वापस मिलने के साथ-साथ साइबर तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल का भी उदाहरण सामने आया है।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!