नाभा
नाभा मीडिया क्लब की ओर से राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस को समर्पित पहला विशाल रक्तदान शिविर रविवार, 4 अक्टूबर को लायंस क्लब सिनेमा हॉल, नाभा में आयोजित किया गया। शिविर में करीब 75 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
नाभा मीडिया क्लब की स्थापना के महज दो सप्ताह के भीतर आयोजित यह पहला सामाजिक सेवा कार्यक्रम रहा। क्लब की इस पहल को मानव सेवा उत्तम सेवा और रॉयल राइडर्स नाभा का सहयोग मिला।
रक्तदान शिविर में पूर्व कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत, विधायक गुरदेव सिंह देव मान, हरी सिंह प्रीत कंबाइन, परमजीत सिंह कैंथ, राजेश बांसल, चंद्रेश्वर सिंह मोही, चेयरमैन जस्सी सोहियां वाला सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नाभा मीडिया क्लब की ओर से स्थापना के कुछ ही दिनों के भीतर किए गए इस सामाजिक कार्य की सराहना की।
क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार और महासचिव प्रदीप बांगा ने कहा कि मीडिया की भूमिका केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी भावना के तहत क्लब की ओर से भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत, विधायक देव मान, अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं के साथ क्लब अध्यक्ष संजीव कुमार, महासचिव प्रदीप बांगा और गुरसेव सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने रक्तदान के प्रति सामाजिक जागरूकता और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!