मऊ। राजेश वर्मा

 

कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के अदरी, सिधौना, शाहपुर, डारा, मीरपुर, गोधना, अलीनगर, कुंभापुर, पहसा समेत आसपास के गांवों में जलनिकासी की समस्या से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि सिंचाई विभाग के नाले की पिछले तीन वर्षों से समुचित खुदाई और सफाई नहीं होने के कारण हर वर्ष करीब 500 एकड़ कृषि भूमि जलभराव की चपेट में आ रही है। इस वर्ष भी खेतों में पानी जमा होने से धान की फसल प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है

।

 

समस्या से परेशान सैकड़ों किसान सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह एवं लोकदल जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट रामबाबू तथा मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को सौंपा। किसानों ने नाले की तत्काल खुदाई और सफाई कराने के साथ करीब 150 मीटर हिस्से को खोलकर जलनिकासी बहाल कराने की मांग की

।

किसानों के मुताबिक उक्त नाले के माध्यम से बारिश और खेतों का अतिरिक्त पानी टौंस नदी में गिरता है। पहले नाले की नियमित खुदाई और सफाई होती थी, लेकिन पिछले तीन वर्षों से अपेक्षित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह अवरोध पैदा हो गए हैं। इससे खेतों से पानी की निकासी बाधित हो रही है और जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है।

 

धान के बाद रबी की बुवाई पर भी असर की आशंका

 

किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। यदि समय रहते जलनिकासी नहीं हुई तो खेतों के सूखने में देरी होगी, जिससे आगामी रबी सीजन में गेहूं के साथ चना, मटर, मसूर और सरसों जैसी फसलों की बुवाई भी प्रभावित हो सकती है।

 

किसानों ने बताया कि खरीफ के बाद रबी की फसल भी उनकी आय का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में जलभराव की समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो लगातार दो फसल चक्र प्रभावित होने की आशंका है।

 

किसानों के अनुसार जिला स्तर पर आयोजित किसान दिवस की बैठकों में भी वे कई बार नाले की सफाई और जलनिकासी की समस्या उठा चुके हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभाग को तत्काल नाले की स्थिति का निरीक्षण कराकर अवरोध हटाने, खुदाई-सफाई कराने और खेतों से पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि धान की फसल को संभावित नुकसान से बचाया जा सके और आगामी रबी फसल की बुवाई समय से हो सके।

 

पत्रक देने वालों में किसान नेता देव प्रकाश राय, भानु प्रताप, संतोष, अरुण सिंह, रामायण, राहुल, रामबचन, रामशकल, बृजेश, दुर्गविजय, अंकित, रोशन, अलख निरंजन, रंजीत, अरविंद, चंद्रजीत, सीपू, छविराम, श्रीराम, रामजीत समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। किसानों ने पत्रक पर हस्ताक्षर कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।