सेवा संकल्प से स्वच्छता संकल्प तक—मऊ में प्रशासन और नागरिक सहभागिता ने दिया सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश।
मऊ
राजेश वर्मा | XKN News
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद मऊ में स्वच्छता एवं जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए नगर पालिका परिषद मऊ सहित समस्त नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
नगर पालिका परिषद मऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला सफाई मित्र ने नगर विकास मंत्री श्री ए.के. शर्मा का ‘स्वच्छता ही सेवा’ के आधिकारिक बैज एवं कैप के साथ आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में स्वच्छता को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद मऊ द्वारा गाजीपुर तिराहे के आसपास आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव ने स्वयं श्रमदान किया। नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित कार्मिकों ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास नियमित साफ-सफाई रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा गीले और सूखे कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान को व्यापक जनसहभागिता से आगे बढ़ाया जाए, ताकि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों की दैनिक आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बने।
अभियान के दौरान ‘स्वच्छ मऊ, स्वच्छ भारत’ तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मऊ श्री मणि भूषण तिवारी सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!