XKN NEWS National Desk 

पटना। अमर शहीद जगदेव प्रसाद के 52वें शहादत दिवस माह के समापन के अवसर पर बुधवार को पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर शोषित समाज दल की ओर से एकदिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से संगठन के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।

भागलपुर जिला संयोजक निखिलेश कुमार के नेतृत्व में भागलपुर से तीन साथियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर सहभागिता की तथा अमर शहीद जगदेव प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शोषित समाज दल के बिहार प्रदेश महासचिव मोहम्मद मंजर आलम तथा सक्रिय सदस्य उमरर फारूक की भी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान शोषित समाज दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जगदेव प्रसाद के सामाजिक न्याय, समानता और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े विचारों एवं संघर्ष को याद किया।

आयोजक पक्ष के अनुसार धरने के दौरान संगठन की ओर से विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों से संबंधित 15 सूत्री मांगें भी रखी गईं। इन मांगों और कार्यक्रम में रखे गए प्रमुख वक्तव्यों का विस्तृत विवरण संगठन की ओर से साझा किए जाने की बात कही गई है।

भागलपुर जिला संयोजक निखिलेश कुमार ने कहा कि भागलपुर से प्रतिनिधियों की उपस्थिति का उद्देश्य जगदेव प्रसाद के संघर्ष और विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करना है।

कार्यक्रम में “जय शोषित, जय अम्बेडकर, जय ज्योतिबा फुले, जय जगदेव, जय रामस्वरूप वर्मा, जय अर्जक, जय भीम और जय संविधान” के नारों के साथ सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

XKN News National Desk