दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा-सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय
अमावां, रायबरेली | XKN News
रायबरेली। दीपावली से पहले मिलावटखोरी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अमावां क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान रसेहता गांव में नमकीन निर्माण स्थल से 163 किलोग्राम नमकीन तथा तकिया बूढ़नपुर स्थित एक किराना स्टोर से 3.90 लाख रुपये कीमत के पान मसाले के 837 पैकेट जब्त किए गए।
खाद्य आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने सदर तहसील के अमावां क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान रसेहता गांव में अर्जुन सिंह के नमकीन निर्माण स्थल पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अभय प्रताप सिंह और उदय राज मौर्य ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। प्रथम दृष्टया गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर टीम ने 163 किलोग्राम नमकीन जब्त कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत 17,930 रुपये बताई गई है। नमकीन का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
इसके बाद टीम ने तकिया बूढ़नपुर स्थित सचिन किराना स्टोर पर कार्रवाई की। यहां कायम पान मसाले का नमूना लिया गया। जांच के दौरान सामने आई खामियों के आधार पर 3.90 लाख रुपये कीमत के 837 पैकेट पान मसाला जब्त किए गए।
अभियान के दौरान अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जहां कमियां पाई गईं, वहां संचालकों को आवश्यक सुधार करने के लिए नोटिस जारी किए गए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!