झारखंड | बी. एन. झा की स्पेशल रिपोर्ट

 

रांची। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान बाइक सवार स्नैचर्स ने अलग-अलग इलाकों में कई लोगों को निशाना बनाकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। बरियातू, कोतवाली, लालपुर, लोअर बाजार और पंडरा इलाके में महिलाओं और पुरुषों से सोने की चेन और मोबाइल झपटने की घटनाएं सामने आई हैं। वारदात के बाद बाइक सवार अपराधी तेजी से फरार हो गए। घटनाओं की लगातार सूचना के बाद पुलिस ने शहर में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है।

 

बताया जा रहा है कि अकेले कोतवाली थाना क्षेत्र में अलग-अलग समय पर छिनतई की कई घटनाएं हुईं। बरियातू सरहुल नगर से शुरू हुआ घटनाक्रम देर रात तक अलग-अलग इलाकों में सामने आता रहा। पुलिस के लिए परेशानी यह है कि एक घटना की जांच शुरू होने से पहले ही दूसरी वारदात की सूचना मिल रही है।

 

बाइक सवार अपराधियों की तलाश में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के साथ CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बड़ा तालाब के पास सादे लिबास में निगरानी कर रहे एक दरोगा द्वारा एक संदिग्ध स्नैचर को दौड़ाकर पकड़े जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन सभी वारदातों से जुड़े गिरोह या अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की आधिकारिक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

इधर, देर रात कचहरी चौक स्थित कोर्ट रोड पर असामाजिक तत्वों के जमावड़े और नशे में लोगों के उत्पात की शिकायतों के बाद पुलिस ने एक अलग एहतियाती कदम उठाया है। सीबीआई गेट और निबंधन कार्यालय गेट के पास बैरिकेडिंग कर करीब 150 मीटर के एप्रोच रोड पर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान सामान्य वाहनों को भी इस मार्ग से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

 

पुलिस पहले भी कोर्ट रोड और आसपास के इलाकों में देर रात अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों को हटाती रही है। पेट्रोलिंग बढ़ाने के बाद कुछ समय के लिए स्थिति में सुधार आया, लेकिन पुलिस की सख्ती कम होते ही दोबारा जमावड़े की शिकायतें मिलने लगीं। इसी को देखते हुए रात के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकने का फैसला लिया गया है।

 

कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार चौधरी के अनुसार, कोर्ट रोड पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पीसीआर और पेट्रोलिंग वाहनों को लगातार इलाके में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि रात में वाहनों की आवाजाही रोकना फिलहाल एहतियाती व्यवस्था का हिस्सा है।

 

राजधानी में एक तरफ बाइक सवार स्नैचर्स की लगातार सक्रियता और दूसरी तरफ रात में संवेदनशील इलाकों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतों ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। अब निगाह इस बात पर है कि पुलिस इन घटनाओं के पीछे सक्रिय अपराधियों तक कितनी जल्दी पहुंचती है और शहर में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का स्थायी समाधान किस तरह किया जाता है।