बासुकी नाथ झा, रांची

 

रांची में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने और पुरानी पाइपलाइनों में लीकेज की समस्या के कारण होने वाले जलापूर्ति संकट को कम करने की दिशा में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से करीब 1 करोड़ 51 लाख 77 हजार रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण कार्यों का प्राक्कलन तैयार किया गया है।

 

पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्षकार्य प्रमंडल, रांची की ओर से तैयार किए गए इन प्रस्तावों को तकनीकी स्वीकृति के लिए आगे भेजा गया है। प्रस्तावित कार्यों में नई डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ क्लियर वाटर राइजिंग मेन लाइन में वैकल्पिक व्यवस्था और पुराने क्षतिग्रस्त चैंबरों का जीर्णोद्धार शामिल है।

 

बीआईटी मोड़ से जेएनवी तक बिछेगी नई पाइपलाइन

 

पहले चरण में बीआईटी मोड़ से जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), रांची तक डीआई (डक्टाइल आयरन) डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाई जाएगी। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित है। इसके लिए विभाग ने 68 लाख 76 हजार 584 रुपये का प्राक्कलन तैयार किया है।

 

नई पाइपलाइन बिछने से संबंधित क्षेत्र के पेयजल वितरण नेटवर्क को मजबूत करने और भविष्य में पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

रुक्का में बनेगी वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था

 

दूसरे कार्य के तहत रुक्का चेकपोस्ट से विकास रोटरी रिंग रोड तक क्लियर वाटर राइजिंग मेन लाइन में वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जाएगी।

 

इसका उद्देश्य लीकेज की मरम्मत अथवा राइजिंग मेन लाइन के रखरखाव के दौरान पूरी जलापूर्ति बंद होने की स्थिति को कम करना है। प्रस्ताव के अनुसार रुक्का सेक्शन कार्यालय में 36 इंच व्यास का स्लूइस वाल्व, रुक्का ओल्ड डब्ल्यूटीपी में 30 इंच का वाल्व तथा भासजोर में 8 इंच के चार वाल्व लगाए जाएंगे।

 

इसके अलावा रुक्का क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से वाल्व लगाने और पुराने क्षतिग्रस्त चैंबरों के जीर्णोद्धार का कार्य भी प्रस्तावित है। इस योजना के लिए 34 लाख 62 हजार 655 रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।

 

जुमार में भी राइजिंग मेन लाइन की वैकल्पिक व्यवस्था

 

तीसरे कार्य के तहत विकास नर्सिंग होम, नेवरी रिंग रोड से बीएसएनएल कार्यालय, जुमार ब्रिज तक क्लियर वाटर राइजिंग मेन लाइन में वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

 

जुमार बस स्टैंड के पास दोनों तरफ 36 इंच व्यास के स्लूइस वाल्व लगाने और पुराने क्षतिग्रस्त चैंबरों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव है। इस कार्य के लिए 48 लाख 37 हजार 830 रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।

 

विभाग के अनुसार तीनों कार्य पूरे होने के बाद पेयजल वितरण नेटवर्क को मजबूती मिलने के साथ-साथ पाइपलाइन में लीकेज अथवा रखरखाव के दौरान जलापूर्ति बाधित होने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।

 

तीनों योजनाओं की कुल अनुमानित लागत 1 करोड़ 51 लाख 77 हजार 69 रुपये है। अब इन कार्यों की तकनीकी एवं आगे की स्वीकृति प्रक्रिया के बाद कार्य शुरू होने की दिशा में कार्रवाई की जानी है।