रायबरेली

पत्रकार रविशंकर की रिपोर्ट XKN NEWS 

रतापुर से गल्ला मंडी और सब्जी मंडी को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील होने के कारण राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो गई, जिसके चलते कई राहगीर और सब्जी मंडी से सामान लेकर लौटने वाले छोटे दुकानदार सड़क के गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की बदहाली को लेकर लंबे समय से लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की जाती रही, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

 

सड़क की स्थिति से नाराज रतापुर और सब्जी मंडी क्षेत्र के छोटे-बड़े व्यापारियों, स्थानीय निवासियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गड्ढों वाली सड़क पर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सड़क की स्थिति को लेकर खबरें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और समाचार पत्रों में प्रकाशित हुईं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि खबरें सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से आनन-फानन में सड़क के गड्ढों में बोल्डर वाली गिट्टी डलवाई गई, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि अभी सड़क पर महीन बजरी डालने और डामरीकरण का काम नहीं हुआ है, जिसके कारण आवागमन में अब भी परेशानी बनी हुई है।

 

स्थानीय निवासी और व्यापारी संदीप सोनकर, राहुल सोनकर, दयाराम, ननकाऊ, बुद्धि लाल यादव, जागेश्वर, सब्जी विक्रेता लल्लन यादव, राम निहोर वर्मा, फल व्यापारी जागेलाल, शीतला सोनकर, पार्वती, बिताना और रामरती सोनकर आदि ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र के कई छोटे दुकानदार और व्यापारी रोज कमाकर रोज घर चलाने वाले हैं। सड़क की खराब स्थिति से उनके आवागमन के साथ-साथ कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका परिषद से सड़क की स्थिति का स्थायी समाधान कराने तथा गड्ढों की मरम्मत के बाद सड़क पर आवश्यक डामरीकरण कराने की मांग की है।

 

लोगों का कहना है कि केवल गड्ढों में बोल्डर डालने से समस्या खत्म नहीं होगी। बरसात के बाद सड़क को व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।