राजेश वर्मा, मऊ
मऊ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मऊ श्री संजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक चलेगा।
अभियान के दौरान विद्यालयों में किशोर-किशोरियों को 18 वर्ष की आयु तक कानून द्वारा प्राप्त विशेष संरक्षण के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से जुड़े रोमांटिक एवं यौन संबंधों के कानूनी पहलुओं और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
बच्चों को यह भी बताया जा रहा है कि किसी समस्या, दबाव या असहज स्थिति का सामना होने पर वे अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय वयस्क से तत्काल संवाद करें। जरूरत पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मऊ के सचिव श्री सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बच्चों से अपील की कि वे किसी भी भावनात्मक अथवा सामाजिक दबाव में आकर ऐसा कदम न उठाएं, जिसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने बच्चों को किसी भी दुविधा या समस्या की स्थिति में किसी विश्वसनीय वयस्क से खुलकर संवाद करने की सलाह दी।
अभिभावकों से भी बच्चों के साथ संवाद और विश्वास का वातावरण बनाए रखने की अपील की गई, ताकि बच्चे अपनी समस्याओं और चिंताओं को बिना संकोच परिवार अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा कर सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार अभियान का उद्देश्य बच्चों को कानून के प्रति जागरूक, सजग और सुरक्षित बनाना है, ताकि वे अपने अधिकारों और कानूनी संरक्षण को समझ सकें तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उचित सहायता प्राप्त कर सकें।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!