XKN News राजेश वर्मा
मऊ जिले में अवैध एवं अपमिश्रित मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने घोसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। विभाग की जांच में एक कंपोजिट शराब दुकान पर कुछ मदिरा की तीव्रता निर्धारित मानक से काफी कम पाई गई।
जिला आबकारी अधिकारी मोहम्मद असलम के अनुसार, आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देश पर 8 सितंबर 2026 से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 सितंबर को संयुक्त आबकारी आयुक्त, गोरखपुर जोन के नेतृत्व में जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 घोसी मो. अदनान खान और विभागीय स्टाफ ने विभिन्न आबकारी दुकानों की जांच की।
चेकिंग के दौरान अमिला थानीदास मोड़ स्थित कंपोजिट शॉप की गहन जांच की गई। विभाग के अनुसार दुकान के अंदर आफ्टर डार्क ब्रांड की तीन बोतल, 8 पीएम ब्लैक ब्रांड का एक अद्धा तथा बी-7 ब्रांड के दो अद्धे प्रथम दृष्टया तनुकृत अथवा जलमिश्रित प्रतीत हुए।
आबकारी विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए अल्कोहलोमीटर से मौके पर ही दुकान पर मौजूद विक्रेताओं के समक्ष मदिरा की तीव्रता की जांच की गई। विभाग के मुताबिक परीक्षण में संबंधित मदिरा की तीव्रता निर्धारित मानक से काफी कम पाई गई।
निरीक्षण के दौरान दुकान पर मौजूद अनिल कुमार पुत्र रामचन्द्र और राजेश कुमार पुत्र लल्लन, दोनों निवासी अमिला बाजार, थाना घोसी, को अपमिश्रित मदिरा के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों को थाना घोसी लाया गया।
विभाग के अनुसार, कंपोजिट शॉप के अनुज्ञापी संजय राय पुत्र राजेन्द्र राय, निवासी नगर पंचायत अमिला, घोसी तथा गिरफ्तार दोनों विक्रेताओं के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में थाना घोसी में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
साथ ही संबंधित दुकान के अनुज्ञापन के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई भी नियमानुसार की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध, अपमिश्रित और गैरकानूनी मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!