महराजगंज, 1 अक्टूबर 2026।
गिरिजानंद शर्मा XKN NEWS
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के साथ सोहगीबरवा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और प्रशासन द्वारा संचालित राहत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी निचलौल को सोहगीबरवा क्षेत्र की तीनों ग्राम पंचायतों में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही संभावित जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का व्यापक स्तर पर छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए। गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने तीनों ग्राम पंचायतों में वृहद सर्वे कराकर पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
ग्रामीणों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सोहगीबरवा में मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को प्रभावित क्षेत्र में पशुओं के लिए चारे आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करें। उन्होंने कम्युनिटी किचन का संचालन जारी रखने तथा प्रभावित लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, पानी लगातार कम हो रहा है और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की टीम क्षेत्र में लगातार कैंप कर आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराती रहेगी तथा एक सप्ताह के भीतर जनजीवन को सामान्य स्थिति में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रेम सागर पटेल ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण क्षेत्र को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन लगातार प्रभावित लोगों के बीच मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 4,000 लोगों को राशन किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय है और राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मियों से लेकर स्वास्थ्यकर्मी तक सभी संबंधित कर्मचारी राहत कार्यों में सक्रिय हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं विधायक ने अन्य अधिकारियों के साथ नाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!