जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में शुक्रवार को “पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद में निहित भारतीय ज्ञान परंपरा एवं नवभारत की वैचारिक आधारभूमि” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में भारतीय ज्ञान परंपरा, अंत्योदय, तकनीक, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के पूर्व कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्ञान, दर्शन, विज्ञान और लोककल्याण को एक साथ जोड़ा गया है। उनके अनुसार भारतीय ज्ञान परंपरा ने भारत के साथ-साथ विश्व को भी ज्ञान और मानव कल्याण की दिशा दिखाई है।
प्रो. गुप्ता ने कहा कि भारत आज अध्यात्म और दर्शन के साथ विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा की वैज्ञानिक दृष्टि का उल्लेख करते हुए आर्यभट्ट के खगोलीय ज्ञान और पृथ्वी के गोल होने से जुड़े सिद्धांतों की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के अनुरूप ज्ञान का उपयोग मानव कल्याण के लिए करना है।
तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : प्रो. राकेश कुमार सिंह
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन में अंत्योदय की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि आज की तकनीक तभी सार्थक मानी जा सकती है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से गांवों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, शिक्षा और विभिन्न सेवाओं की पहुंच को आसान बनाया जा सकता है।
कुलपति ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपने ज्ञान को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित न रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान का उपयोग समाज के हित में होना चाहिए और शिक्षा जब संवेदना से जुड़ेगी, तभी वह समाज एवं राष्ट्र के विकास का प्रभावी माध्यम बन सकेगी।
लक्ष्य की पहचान और कर्म पर जोर
स्वागत भाषण में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ के निदेशक प्रो. मानस पांडेय ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से यह प्रश्न करना चाहिए कि वह कौन है और उसका लक्ष्य क्या है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य की पहचान करने के बाद पूरी निष्ठा से कर्म पर ध्यान केंद्रित करने से सफलता और कैरियर की दिशा स्पष्ट हो सकती है।
इससे पहले मुख्य अतिथि प्रो. संजीत कुमार गुप्ता और कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह को अभिनंदन पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वसुधैव कुटुंबकम और अंत्योदय पर भी चर्चा
कार्यक्रम में छात्र अभिनव कीर्ति पांडेय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर प्रकाश डालते हुए वसुधैव कुटुंबकम और अंत्योदय की भावना को सामाजिक समरसता एवं सर्वजन हित से जोड़ने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन दीनदयाल शोधपीठ के सचिव डॉ. अनुराग मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राहुल राय ने किया।
संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!