राजेश वर्मा, हरि नारायण प्रजापति XKN NEWS
हमीरपुर
नवागत जिलाधिकारी अशोक कुमार ने बुधवार को हमीरपुर जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर, महिला कल्याण विभाग, राजस्व अभिलेखागार, भूलेख समेत विभिन्न पटल और अनुभागों का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव, लंबित पत्रावलियों और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पत्रावलियों और रजिस्टरों को व्यवस्थित रखने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस और जनसुनवाई पटल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने और फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अभिलेखों की सुरक्षा और व्यवस्थित रखरखाव के लिए इन्वेंट्री तैयार करने तथा रिकॉर्ड के ऑनलाइन डिजिटलीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक फरियादी उनसे अपनी समस्याओं को लेकर मिल सकते हैं और जायज समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में कई व्यवस्थाएं बेहतर हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। ऐसी कमियों को चिन्हित कर संबंधित व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बाईपास, स्वास्थ्य और एनएच-34 पर दुर्घटनाओं का मुद्दा उठा
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने बाईपास निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर दुर्घटनाओं की रोकथाम और बारिश से हुए नुकसान के सर्वे समेत विभिन्न जनहित के मुद्दे जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों को गंभीरता से लेने तथा आवश्यकता के अनुसार स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर होगी विधिसम्मत कार्रवाई
अवैध खनन और ओवरलोडिंग के संबंध में पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सड़कों की खराब स्थिति और मरम्मत से संबंधित मामलों पर भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अशोक कुमार वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने शासन में विभिन्न विभागों में दायित्व निभाने के अलावा गोंडा और फिरोजाबाद में मुख्य विकास अधिकारी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, कोषाधिकारी अंकिता सिंह, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!