प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर केंद्रित दो दिवसीय आयोजन; अकी आबे ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जुटे साहित्य, पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग; ‘मोदी के पच्चीस साल’ विषय पर हुआ पैनल संवाद
वाराणसी, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर काशी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट : जेन वी फेस्टिवल’ का शुभारंभ हुआ। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व, शासन मॉडल और नीतियों पर लिखी गई 500 से अधिक पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे भी शामिल हुईं। अकी आबे ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रकाशित विभिन्न पुस्तकों के बारे में जानकारी ली।
500 से अधिक पुस्तकों ने खींचा ध्यान
नमो बुक फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, राजनीतिक यात्रा, नेतृत्व, शासन मॉडल और विभिन्न नीतिगत विषयों पर प्रकाशित पुस्तकों को एक स्थान पर प्रदर्शित किया गया है। आयोजकों के अनुसार इन पुस्तकों में अलग-अलग भाषाओं में प्रकाशित साहित्य भी शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी पर पुस्तकों की इतनी बड़ी संख्या में प्रदर्शनी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है। आयोजन का उद्देश्य पुस्तकों और संवाद के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को इन पुस्तकों और उनसे जुड़े विमर्श से जोड़ना बताया गया है।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को समर्पित एक विशेष गैलरी भी तैयार की गई है, जिसमें भारत-जापान संबंधों से जुड़े पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।
‘मोदी के पच्चीस साल’ पर पैनल चर्चा
फेस्ट के पहले दिन ‘मोदी के पच्चीस साल’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार एवं सीएमपीपीआर के निदेशक अशोक श्रीवास्तव के विषय प्रवर्तन से हुई।

इसके बाद ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने अपने विचार रखे। मुख्य पैनल चर्चा में किशोर मकवाना, अरविंद चतुर्वेदी, मुकेश मोहन गुप्त और डॉ. पवन विजय ने हिस्सा लिया।
चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा, नेतृत्व और शासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
युवा पीढ़ी से संवाद पर भी जोर
आयोजकों के अनुसार ‘जेन वी फेस्टिवल’ का एक प्रमुख उद्देश्य युवा पीढ़ी को पुस्तकों, लेखकों और सार्वजनिक नीति से जुड़े विमर्श से जोड़ना है। आयोजन में पुस्तक प्रदर्शनी के अलावा विभिन्न विषयों पर संवाद और चर्चा के सत्र भी रखे गए हैं।
दो दिवसीय यह आयोजन 7 और 8 अक्टूबर को वाराणसी में जारी रहेगा।
XKN NEWS
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!