पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
वाराणसी।
आगामी शारदीय नवरात्रि, दुर्गापूजा, रामलीला, भरत मिलाप और दशहरा पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को यातायात पुलिस लाइन स्थित सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन समितियों के पदाधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों और सिविल डिफेंस के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी। सभी धार्मिक आयोजन निर्धारित परंपराओं और स्वीकृत मार्गों के अनुसार ही संपन्न कराए जाएंगे। दुर्गापूजा पंडालों, रामलीला मंचन स्थलों और रावण दहन के स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, पुलिस बल तथा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पंडालों में अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य
आयोजन समितियों को पंडालों में अग्निशमन उपकरण, प्राथमिक उपचार किट, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने को कहा गया। स्वयंसेवकों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रमुख आयोजन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन तथा वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

यातायात और ध्वनि प्रदूषण पर भी नजर
यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा मूर्ति विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्गों से निकालने की हिदायत दी गई। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप करने को कहा गया। अश्लील या आपत्तिजनक गाने बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने पर्वों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आयोजन समितियों और नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!